Sunday, 20 September 2026

“प्रसाद की भाषा में प्रसाद गुण”

 ✦ साप्ताहिक संवाद सभा समाचार ✦

 20 सितंबर 2026 (रविवार)







Facebook Link:

https://www.facebook.com/share/v/18R5rGFuRb/


🌺✨ कार्यक्रम सारांशिका (कार्यवृत्ति) ✨🌺

हिंदी दिवस के पावन अवसर पर विशेष संवाद सभा

महाकवि जयशंकर प्रसाद ट्रस्ट द्वारा आयोजित
📚 साहित्यिक–सांस्कृतिक संवाद सभा 📚

🌿 संवाद सभा का विषय 🌿

“प्रसाद की भाषा में प्रसाद गुण”

➖➖➖➖➖➖➖➖➖

महाकवि जयशंकर प्रसाद की भाषा के सौंदर्य, सहजता, संवेदना, सांस्कृतिक चेतना एवं साहित्यिक गरिमा को केंद्र में रखकर आयोजित इस विशेष संवाद सभा में साहित्य, भाषा और भारतीय संस्कृति के विविध आयामों पर सार्थक एवं गंभीर विमर्श हुआ।

📅 दिनांक — 20 सितंबर 2026, रविवार
⏰ समय — सायं 4:00 बजे से 6:00 बजे तक
💻 माध्यम — Google Meet (ऑनलाइन)


🎙️ मुख्य अतिथि / वक्ता


🌟 प्रो. सूर्यप्रसाद दीक्षित

प्रोफेसर तथा पूर्व अध्यक्ष, हिंदी विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय।

संस्थापक अध्यक्ष : पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग, विश्वविद्यालय।
अतिथि प्रोफेसर — लखनऊ, इलाहाबाद, सागर, बड़ौदा, उज्जैन, गोवा, कोचीन, वर्धा तथा दिल्ली विश्वविद्यालय।

शोध :
‘छायावादी गद्य’ (पीएच.डी.), ‘व्यावहारिक सौंदर्यशास्त्र’ (डी.लिट.)

संपादन :
110 प्रबंधों का निर्देशन, ‘उत्कर्ष उद्भव’, ‘अवधी’, ‘ज्ञानशिखा’, ‘शोध’, ‘कुलसंदेश’, ‘साहित्य भारती’, ‘संचारश्री’, ‘चाणक्य’, ‘प्रभास’, ‘खोज’ आदि।

प्रकाशन :
115 शोध-समीक्षा ग्रंथ एवं लगभग 1000 लेख।

स्नेहोपहार :
‘उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान’ से ‘साहित्य भूषण सम्मान’ व ‘दीनदयाल उपाध्याय सम्मान’; हिंदी साहित्य सम्मेलन से ‘साहित्य वाचस्पति’ उपाधि; इंटरनेशनल सेंटर, कैंब्रिज से ‘इंटरनेशनल मैन ऑफ द ईयर’; ‘अमेरिकन इंस्टीट्यूट’ से ‘डिस्टिग्विश्ड पर्सनैलिटी ऑफ द वर्ल्ड’, विश्व हिंदी सम्मान आदि।


🌸 कार्यक्रम के विशेष आकर्षण

📖 महाकवि जयशंकर प्रसाद के साहित्य एवं विचारों पर गहन विमर्श

🖋️ प्रसाद की भाषा और भाषाई अस्मिता पर विशेष चर्चा

💬 प्रश्नोत्तर सत्र एवं मुक्त विचार-विमर्श


🌺 कार्यक्रम की कार्यवृत्ति

कार्यक्रम अवधेश कुमार गुप्ता, डॉ. कविता प्रसाद और डॉ. महालक्ष्मी केशरी की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का आरंभ डॉ. महालक्ष्मी केशरी द्वारा परिचय सत्र से हुआ। उन्होंने संगोष्ठी में उपस्थित मुख्य वक्ता सहित समस्त श्रोतावृंद का अभिनंदन किया तथा कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत की।

इसके पश्चात कार्यक्रम का शुभारंभ सरिता जी के वाणी-वंदन से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को साहित्यिक एवं आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।

तत्पश्चात संस्था के आयोजक श्री अवधेश कुमार गुप्ता जी द्वारा मुख्य अतिथि सहित उपस्थित समस्त साहित्य-प्रेमियों का स्वागत किया गया। उन्होंने महाकवि जयशंकर प्रसाद ट्रस्ट के कार्यों एवं संस्था का परिचय प्रस्तुत किया।


🖋️ मुख्य वक्तव्य

तत्पश्चात मुख्य वक्ता प्रोफेसर सूर्यप्रसाद दीक्षित जी ने जयशंकर प्रसाद के साहित्य की गंभीरतापूर्वक विस्तृत चर्चा-परिचर्चा करते हुए “प्रसाद की भाषा में प्रसाद गुण” विषय पर अपना सारगर्भित वक्तव्य प्रस्तुत किया।

अपने वक्तव्य में उन्होंने बताया कि भाषा में तीन गुण होते हैं—

एक है ओज, दूसरा है प्रसाद और तीसरा है माधुर्य।

उन्होंने ओज गुण की व्याख्या करते हुए कहा कि जहाँ भाषा उत्साह से भरी हुई, वीर रस से संचालित और शौर्य प्रधान हो जाती है, वहाँ ओज गुण दिखाई देता है।

जब उत्साह में उमंग की स्थिति होती है तो भाषा भी तदनुसार बदल जाती है। उसमें आवेग होता है। उसमें द्वित्व शब्दों का प्रयोग अधिक होता है। जो महाप्राण ध्वनियाँ हैं, प्रायः कर्कश होती हैं।

उसमें कहीं-कहीं लोकजीवन के शब्द या अपभ्रंश परंपरा से आए हुए शब्दों का बाहुल्य दिखाई देता है।

जब कभी क्रोध की अवस्था में, वीर रस के संचारी भाव से प्रेरित होकर हम अपना संवाद प्रस्तुत करते हैं या बोलते हैं, तो ओज गुण प्रधान हो जाता है।

इसके पश्चात उन्होंने लालित्य तत्व अथवा माधुर्य तत्व की चर्चा करते हुए कहा कि यह राग तत्व से प्रेरित होता है और इसमें प्रेम तथा सौंदर्य विषय-वस्तु के रूप में अधिक प्रभावी रहते हैं।

जाहिर है कि जहाँ प्रेम और सौंदर्य होगा, वहाँ सुकुमारता होगी, वहाँ लालित्य होगा। वहाँ एक विशेष प्रकार की सरसता होगी। वह शब्दावली बड़ी सरस, रोचक और संवेदनशील होती है।

संवेदना भाषा का प्रमुख गुण होता है। लालित्य के प्रसंग में जहाँ कहीं प्रेम भाव या सौंदर्य-चित्रण का बाहुल्य होता है, वहाँ यह सरस तत्व अर्थात् लालित्य तत्व भाषा का प्रधान गुण बन जाता है।

इसके पश्चात उन्होंने प्रसाद तत्व की विस्तृत व्याख्या करते हुए कहा कि दोनों के बीच में जिसको प्रसाद तत्व कहते हैं, उसका अर्थ कहीं-कहीं गलत ले लिया गया है।

कुछ लोगों ने प्रसाद का अर्थ सरल भाषा से निकाला है। दरअसल प्रसाद सरल ही नहीं होता है। प्रसाद वह है जो मन में प्रसन्नता का संचार करता है। जैसे विषाद से विषण्ण बनता है, अवसाद से अवसन्न बनता है, वैसे ही प्रसाद से प्रसन्न बनता है।

जो प्रसन्नचित्त स्थिति में लिखा जाता है और साथ ही साथ सामाजिक, श्रोता, दर्शक तथा पाठक को भी उसी भाव का संचार कर देता है, वह प्रसाद तत्व है। उसमें लालित्य तत्व भी होता है और कहीं-न-कहीं आवेग भी होता है, लेकिन कुल मिलाकर एक विशेष प्रकार की सुवार्ता, जिसे ‘सौरस’ कहा गया है, संस्कृत साहित्य-शास्त्र में उसका प्राधान्य होता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रसाद जी की भाषा मूलतः ऐसे ही प्रसाद तत्व से परिपूर्ण भाषा है।

इसके साथ ही उन्होंने शब्द-शक्तियों की भी विस्तृत व्याख्या की तथा अंततः महाकवि जयशंकर प्रसाद के समूचे साहित्य पर गंभीर चर्चा-परिचर्चा करते हुए अपने वक्तव्य को स्पष्ट किया।

उनके वक्तव्य ने उपस्थित साहित्य-प्रेमियों को प्रसाद जी की भाषा के स्वरूप, उसकी संवेदना, सौंदर्य और साहित्यिक गरिमा को एक नए दृष्टिकोण से समझने का अवसर प्रदान किया।


💬 प्रश्नोत्तर सत्र

मुख्य वक्तव्य के पश्चात प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया।

इस क्रम में डॉ. वी. बी. पाण्डेय ने प्रश्न किया—

“छायावाद को छायावाद बनाने में प्रसाद जी का योगदान कहाँ तक है?”

प्रश्नकर्ता द्वारा किए गए इस महत्वपूर्ण प्रश्न का उत्तर मुख्य अतिथि प्रो. सूर्यप्रसाद दीक्षित जी ने अत्यंत सारगर्भित ढंग से दिया। उन्होंने प्रसाद जी के साहित्यिक योगदान एवं छायावाद के विकास में उनकी भूमिका को विस्तारपूर्वक स्पष्ट किया, जिससे उपस्थित श्रोतावृंद संतुष्ट हुए।

प्रश्नोत्तर सत्र ने संवाद सभा को और अधिक जीवंत एवं विचारोत्तेजक बना दिया।


🎙️ कार्यक्रम का संचालन

संपूर्ण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन डॉ. महालक्ष्मी केशरी ने किया।

उन्होंने कार्यक्रम के सभी बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए एक कुशल संचालन का कार्य बहुत ही प्रभावी ढंग से संपन्न किया। उनके संयोजन से कार्यक्रम का प्रत्येक चरण सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण रूप से आगे बढ़ता रहा।


🙏 कार्यक्रम का समापन एवं धन्यवाद ज्ञापन

संपूर्ण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन एवं धन्यवाद ज्ञापन आदरणीया डॉ. कविता प्रसाद जी द्वारा संपन्न किया गया।

उन्होंने मुख्य अतिथि प्रो. सूर्यप्रसाद दीक्षित जी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए सभी श्रोतावृंद का धन्यवाद किया।

अपने धन्यवाद ज्ञापन में डॉ. कविता प्रसाद जी ने जयशंकर प्रसाद ट्रस्ट द्वारा पिछले वर्षों में विभिन्न विश्वविद्यालयों, शहरों एवं प्रदेशों में आयोजित अनेक प्रकार की संगोष्ठियों एवं साहित्यिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की चर्चा की।

उन्होंने कहा कि साहित्य और संस्कृति के प्रति यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि—

“यह क्रम अब टूटने वाला नहीं है, बल्कि भविष्य में और भी विस्तृत होता चला जाएगा।”

उन्होंने भविष्य में इन कार्यक्रमों को हाइब्रिड मोड में आयोजित करने की योजना की भी जानकारी दी, जिससे अधिकाधिक साहित्य-प्रेमी इन संवाद सभाओं से जुड़ सकें।

अंत में डॉ. महालक्ष्मी केशरी ने कार्यक्रम के विराम की घोषणा की।

इस प्रकार हिंदी दिवस के पावन अवसर पर आयोजित यह विशेष साहित्यिक–सांस्कृतिक संवाद सभा महाकवि जयशंकर प्रसाद की भाषा, साहित्य और विचारों पर सार्थक, गंभीर एवं प्रेरणादायी विमर्श के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।


🌺 निवेदक

महाकवि जयशंकर प्रसाद ट्रस्ट

साहित्य • संस्कृति • विचार • संवाद

🌿 महाकवि जयशंकर प्रसाद की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुँचाने के सतत संकल्प के साथ। 🌿

@all

No comments:

Post a Comment

"हार्दिक शुभ दीपावली"

  ✦ साप्ताहिक संवाद सभा समाचार ✦  08 नवंबर 2026, (रविवार) Facebook Link: https://www.facebook.com/Drkavitaavdhesh दीपावली पर्व के पावन अवसर ...