✦ साप्ताहिक संवाद सभा समाचार ✦
04 अक्टूबर 2026, (रविवार)
Facebook Link:
🌿 कार्यक्रम सारांशिका (कार्यवृत्ति) 🌿
महाकवि जयशंकर प्रसाद ट्रस्ट द्वारा आयोजित
📖 साहित्यिक–सांस्कृतिक संवाद सभा
संवाद सभा का विषय:
“महाकवि प्रसाद के काव्य और नाटकों का महत्व”
📅 दिनांक: 04 अक्टूबर 2026, रविवार
🕓 समय: सायं 4:00 बजे से 6:00 बजे तक
💻 माध्यम: Google Meet (ऑनलाइन)
इस अवसर पर भारतीय इतिहास, दर्शन, साहित्य, संस्कृति एवं समाज-चिंतन के प्रकाण्ड विद्वान प्रो. रामेश्वर मिश्र ‘पंकज’ जी का सान्निध्य एवं विचार-संवाद सफल रहा।
प्रो. रामेश्वर मिश्र ‘पंकज’ जी भारतीय इतिहास, दर्शन, साहित्य, संस्कृति एवं समाज-चिंतन के प्रकाण्ड विद्वान, चिंतक, लेखक तथा भारतीय ज्ञान-परंपरा के मर्मज्ञ साधक हैं। भारतीय सभ्यता और संस्कृति को भारतीय दृष्टि से समझने तथा उसके मौलिक स्वरूप को समाज के समक्ष प्रतिष्ठित करने में आपका दीर्घकालीन एवं उल्लेखनीय योगदान रहा है।
जिन विविध दायित्वों का निर्वहन उन्होंने किया है, उनमें मुख्य हैं— गांधी शान्ति प्रतिष्ठान, नई दिल्ली में सीनियर फेलो (प्रोफेसर); गांधी विद्या संस्थान, काशी में दर्शनशास्त्र के प्रोफेसर एवं निदेशक; भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय में परामर्शदाता; धर्मपाल शोध पीठ, भोपाल में निदेशक; वागर्थ के निदेशक; निराला सृजन पीठ, भोपाल के निदेशक; भारत भवन, भोपाल के न्यासी सचिव।
उन्होंने पतंजलि योगपीठ में दर्शनशास्त्र एवं राजनीतिशास्त्र पर आचार्यों और ब्रह्मचारियों को 150 व्याख्यानों के माध्यम से सघन प्रशिक्षण भी प्रदान किया है। वे पूज्य स्वामी सत्यमित्रानंदजी महाराज की आध्यात्मिक पत्रिका “समन्वय साधना पथ” के संस्थापक संपादक रहे हैं। साथ ही, पूज्य आचार्य श्रीराम शर्मा जी के मार्गदर्शन में भी उन्होंने पाँच वर्षों तक सघन लेखन कार्य किया है।
पतंजलि योगपीठ की पत्रिका “योग संदेश” मासिक में वे प्रतिमास दर्शन एवं राजनीतिशास्त्र से संबंधित विषयों पर नियमित लेख लिखते हैं। इसके साथ ही, साहित्यिक पत्रिकाओं में साहित्य पर भारतीय दृष्टि से निरंतर लेखन करते हैं।
भोपाल में राजसूय हिन्दू विद्या केंद्र के निदेशक के रूप में वे नियमित वार्ताओं एवं शिविरों का संचालन भी करते हैं। आध्यात्मिक एवं राष्ट्रीय विषयों पर उनकी 700 वार्ताएँ यूट्यूब चैनलों पर प्रसारित हुई हैं। वे एक राष्ट्रीय विचार चैनल “धर्म मीमांसा यूट्यूब चैनल” का संचालन भी करते हैं। साथ ही, संयुक्त राज्य अमेरिका के यूट्यूब चैनल “Sattology” पर भी उनकी 50 से अधिक वार्ताएँ प्रसारित हुई हैं।
प्रसाद जी के साहित्य में निहित भारतीय दृष्टि, सांस्कृतिक चेतना, जीवन-दर्शन और मानवीय संवेदना को समझने तथा उनके काव्य एवं नाट्य-साहित्य की प्रासंगिकता पर विचार करने का यह विशेष अवसर है।
💫 विशेष आकर्षण
📖 महाकवि प्रसाद के काव्य और नाटकों का महत्व
💬 प्रश्नोत्तर एवं मुक्त संवाद
आयोजक मंडल:
अवधेश कुमार गुप्ता, डॉ. कविता प्रसाद और डॉ. महालक्ष्मी केशरी जी की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आरंभ डॉ. महालक्ष्मी केशरी जी द्वारा मुख्य अतिथि के स्वागत एवं वंदन से हुआ, जिसमें उन्होंने संगोष्ठी में उपस्थित मुख्य वक्ता सहित समस्त अतिथियों एवं संस्था का परिचय भी दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. महालक्ष्मी केशरी जी के वाणी-वंदन से हुआ।
तत्पश्चात संस्था के आयोजक श्री अवधेश कुमार गुप्ता जी द्वारा मुख्य अतिथि सहित उपस्थित समस्त साहित्य-प्रेमियों का स्वागत और संस्था का परिचय प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि का वक्तव्य :
मुख्य वक्ता के रूप में आदरणीय प्रो. रामेश्वर मिश्र ‘पंकज’ जी ने जयशंकर प्रसाद के संपूर्ण साहित्य की गंभीरतापूर्वक चर्चा की। साथ ही, उन्होंने प्रसाद की कविता सहित “कामायनी” पर भी विशेष व्याख्यान दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने दिए गए विषय के अनुरूप नाटक पर अपनी विशेष अभिव्यक्ति दी। इसमें उन्होंने अजातशत्रु और चंद्रगुप्त की विशेष प्रशंसा करते हुए बताया कि देशकाल की स्थिति में लिखा गया ऐसा नाटक न सिर्फ नाटक ही था, बल्कि देश को जागरूक करने में ऐसी रचनाओं ने अपनी अहम भूमिका निभाई और प्रसाद का साहित्य पूरी तरह मानवता पर टिका हुआ है।
प्रसाद एक ऐसे रचनाकार हैं, जिन्होंने मात्र साहित्य की रचना ही नहीं की, बल्कि समाज को भी दिशा-निर्देशित किया। हमें प्रसाद के साहित्य से सीखना चाहिए। हमें भी प्रतिबद्ध होकर अपनी संकल्पना-शक्ति के साथ मानवीय गुणों को लेते हुए समाज का भला करना चाहिए। ऐसे विचारों को प्रोफेसर पंकज ने संगोष्ठी में रखा।
इतना ही नहीं, उन्होंने छायावाद की भी चर्चा की। साथ ही, सनातन धर्म की व्याख्या करते हुए भारतीय संस्कृति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि चाहे देश हो या विदेश, अगर स्वयं को संरक्षित रखना है, तो हमें भारतीय संस्कृति के अनुसार स्वयं को संरक्षित रखते हुए, मर्यादित रखते हुए, आचरण में रखते हुए आगे बढ़ना होगा। तभी हमारा विकास सुनिश्चित हो सकता है।
प्रसाद का साहित्य हमें सांस्कृतिक चेतना की विरासत की भी बात बताता है। प्रसाद जी ने देश के लोगों को जागरूक किया। उनमें जनजागृति भरी। उन्होंने लोगों को यह सिखाया कि हमें राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम-भाव को अभिव्यक्त करते रहना चाहिए, क्योंकि यही श्रेष्ठ सनातन धर्म है और हमारी सांस्कृतिक विरासत की पहचान है। तभी हम एक सच्चे राष्ट्रभक्त और मानवता के संवाहक कहे जा सकते हैं।
तत्पश्चात मधुसूदन आत्मीय जी ने भी प्रसाद जी के साहित्य पर अपने विचार अभिव्यक्त किए। उन्होंने बताया कि प्रसाद के नाटकों में चाहे अजातशत्रु हो, ध्रुवस्वामिनी हो या चंद्रगुप्त, सभी मानवता के पोषक हैं, क्योंकि मनुष्य अगर समाज में किन्हीं कर्मों से भटक रहा होता है, तो ऐसे में रचनाकार सही दिशा दिखाता है।
ऐसे में हमें प्रसाद के साहित्य का अध्ययन करना चाहिए, क्योंकि ऐसा साहित्य मनुष्य के भटकाव को एक नया मार्ग प्रदान करता है और जीवन जीने की कला सिखाता है। प्रसाद का साहित्य मानवता का संदेश प्रदान कर रहा है, तो हमें उससे बहुत कुछ सीखने की आवश्यकता है।
इसके पश्चात प्रश्नोत्तरी सत्र में:
🔹 प्रथम प्रश्न के रूप में डॉ. कविता प्रसाद जी ने प्रश्न किया कि “हमें पुरुषार्थ कैसे करना चाहिए?”
🔹 प्रकाश राय जी ने प्रश्न किया कि “प्रसाद जी के समय में नारियों की शैक्षणिक और मानसिक स्थिति कैसी थी? उनके समकालीन ब्राह्मणवाद व्यवस्था ने स्त्रियों को किस रूप में स्वीकार किया?”
🔹 ममता बनर्जी ने प्रश्न किया कि “क्या प्रसाद जी का राष्ट्रवाद सांस्कृतिक राष्ट्रवाद है, राजनीतिक राष्ट्रवाद है या मानवीय राष्ट्रवाद है?”
सभी के द्वारा किए गए प्रश्नों के उत्तर मुख्य वक्ता द्वारा अत्यंत संतोषजनक ढंग से दिए गए। उनके उत्तरों से सभी संतुष्ट रहे एवं सभी का मार्गदर्शन हुआ।
संपूर्ण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन डॉ. महालक्ष्मी केशरी ने किया। उन्होंने कार्यक्रम के सभी बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए कुशल संचालन का कार्य बहुत ही कुशलता से संपन्न किया।
🌺 कार्यक्रम का समापन और धन्यवाद ज्ञापन 🌺
संपूर्ण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. कविता प्रसाद जी द्वारा संपन्न किया गया। उन्होंने सभी वक्ताओं का धन्यवाद किया। साथ ही, उन्होंने प्रसाद जी पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की चर्चा-परिचर्चा भी की।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रसाद जी का साहित्य जनमानस को विशेष तौर से जागरूक करता है। उनके नाटक दृश्य-श्रव्य दोनों माध्यमों से जनमानस की चेतना को जागृत करने का विशेष कार्य करते हैं। ऐसे में अगर पाठक उन पर गंभीरतापूर्वक चर्चा करें, तो उनका मार्ग प्रशस्त हो सकता है। हमें प्रसाद के साहित्य का अधिक से अधिक सजग होकर अध्ययन करना चाहिए।
अंत में डॉ. महालक्ष्मी केशरी ने कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
🙏 महाकवि जयशंकर प्रसाद ट्रस्ट की ओर से सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं साहित्य-प्रेमियों के प्रति हार्दिक आभार।@all


No comments:
Post a Comment